सब तारीफें अल्लाह के लिए हैं जो तमाम जहानों का रब है, और दरूद ओ सलाम हो सबसे अफ़ज़ल रसूल पर। अम्रा बाद…
ऐ मोहतरम क़ारी (पाठक),
क़ुरआन करीम अल्लाह का कलाम है जिसे उसने अपने नबी मुहम्मद ﷺ पर नाज़िल फरमाया ताकि वह लोगों को अंधेरों से निकालकर रोशनी की तरफ लाएं। यह अपने शब्दों और अर्थों में एक मोजिज़ाह (चमत्कार) है, इसकी तिलावत इबादत है, और यह आसमानी किताबों में सबसे आखिरी और मुकम्मल किताब है। अल्लाह ताला ने अपने नबी ﷺ को इसे तमाम जहानों तक पहुंचाने का हुक्म दिया है।
अल्लाह सुब्हानहु व ताला ने खुद इसकी हिफ़ाज़त की ज़िम्मेदारी ली है, और इसमें ऐसी तासीर रखी है जो कानों, दिमागों, दिलों और रूहों को अपनी तरफ खींचती है। इसके बावजूद, बहुत से गैर-मुस्लिमों को पूरा क़ुरआन पढ़ने का मौका नहीं मिल पाता, और अगर वे चाहते भी हैं तो इस बात को लेकर उलझन में पड़ जाते हैं कि शुरुआत कहां से करें?
इसलिए, हमने इस वेबसाइट के ज़रिए कुछ चुनिंदा आयतों का चयन करने की कोशिश की है जो इस्लाम के बड़े और अहम विषयों को पेश करती हैं, जैसे:
इस चयन से हमारा मकसद इस्लाम के पैगाम को समझना आसान बनाना है, न कि पूरे क़ुरआन को पढ़ने से बेनियाज़ होना, बल्कि हमें उम्मीद है कि यह पूरा क़ुरआन पढ़ने का एक जरिया बनेगा।
हम अल्लाह अज़ीम से दुआ करते हैं कि वह इस काम को केवल अपनी रज़ा के लिए बनाए, और इसे आपकी हिदायत, जन्नत में दाखिले और जहन्नम के अज़ाब से बचाव का जरिया बनाए।
❝तो आप क़ुरआन के ज़रिए उसे नसीहत करते रहें जो मेरी चेतावनी से डरता है।❞ [सूरह क़ाफ़: 45] ❝बड़ी बरकत वाला है वह जिसने अपने बंदे पर फ़ुरक़ान (क़ुरआन) नाज़िल फरमाया ताकि वह तमाम जहानों के लिए डराने वाला बने।❞ [सूरह अल-फ़ुरक़ान: 1]
और अल्लाह ताला हमारे नबी मुहम्मद, उनकी आल और उनके असहाब पर दरूद ओ सलाम नाज़िल फरमाए।